47 साल के बॉलीवुड एक्टर श्रेयस तलपड़े को हार्ट अटैक आया है। इसके बाद उनकी मुंबई के बेलेव्यू हॉस्पिटल में एंजियोप्लास्टी हुई। श्रेयस की हालत स्थिर है। श्रेयस हार्ट अटैक से पहले फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की शूटिंग कर रहे थे।
इसके बाद वो घर गए और पत्नी से तबियत ठीक न होने की बात कही। इसके बाद पत्नी उन्हें अस्पताल लेकर गईं लेकिन वो रास्ते में ही बेहोश हो गए।
श्रेयस से पहले भी कई सेलेब्स अपनी बीमारियों के चलते सुर्खियों में आ चुके हैं। आइए नजर डालते हैं इन सेलेब्स पर…
सुष्मिता को भी आया था हार्ट अटैक
सुष्मिता सेन को फरवरी 2023 में हार्ट अटैक आया था। सुष्मिता वेब सीरीज आर्या के तीसरे सीजन की शूटिंग में बिजी थीं, तभी उन्हें हार्ट अटैक आया था। सुष्मिता ने इस बारे में कहा था- मैं एक बहुत बड़े हार्ट अटैक से बच निकली हूं। ये काफी सीरियस था। मेरी आर्टरी में करीब 95% ब्लॉकेज था। लेकिन, ये भी सिर्फ एक फेज था जो अब गुजर चुका है। मैं इससे जरा भी नहीं डरी। कुछ समय तक आराम करने के बाद सुष्मिता अपने रूटीन में वापस आ गई थीं और उन्होंने शूटिंग वापस शुरू कर दी थी। सुष्मिता 47 साल की हैं।
सुनील ग्रोवर को भी आ चुका हार्ट अटैक
एक्टर-कॉमेडियन सुनील ग्रोवर को जनवरी 2022 में हार्ट अटैक आया था। तब उनकी उम्र 45 साल थी।सुनील की तीन प्रमुख हार्ट की नसों में ब्लॉकेज था। इसमें 2 नसें 100% ब्लॉक और तीसरी नस 70-90% ब्लॉक थी। गनीमत ये थी कि सुनील का हार्ट नॉर्मल फंक्शन कर रहा था। उनके दिल की मांसपेशियां डैमेज नहीं हुई थीं। सुनील की तुरंत 4 बाईपास सर्जरी हुई थी जिसके बाद एक्टर को एक महीने का आराम दिया गया था।
सलमान को ट्राईजेमिनल न्यूरॉल्जिया बीमारी
सलमान ट्राईजेमिनल न्यूरॉल्जिया नाम की बीमारी से जूझ चुके हैं, जिसका उन्होंने लंबा ट्रीटमेंट लिया। वे अब भी अक्सर इसके ट्रीटमेंट के लिए अमेरिका जाते हैं। ये एक न्यूरोपैथिक डिसऑर्डर होता है, जिसमें इंसान के चेहरे के कई हिस्सों (सिर, जबड़ा आदि) में बहुत दर्द होता है। सलमान पिछले 10-12 सालों से इस बीमारी से पीड़ित हैं।
अमिताभ को कई बीमारियां
अमिताभ बच्चन 40 साल से लिवर की बीमारी से जूझ रहे हैं। 40 साल पहले फिल्म ‘कुली’ की शूटिंग के दौरान वो गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे में उनका लिवर बुरी तरह से डैमेज हुआ था।
इसका असर आज भी है और उन्हें अक्सर पेट दर्द की शिकायत रहती है। उन्हें हेपेटाइटिस-बी हुआ था, जिसके चलते उनका 75 फीसदी लिवर खराब हो गया। इसके अलावा उन्हें अस्थमा, लिवर सिरोसिस, टीबी, डाइवर्टिक्युलाइटिस ऑफ स्मॉल इंटेस्टाइन जैसी बीमारियां भी रही हैं।
सोनम को डायबिटीज
सोनम कपूर कम उम्र से ही डायबिटिक रही हैं। सोनम ने रोजाना इंसुलिन के डोज के अलावा खास डाइट अपनाने के बाद ही इस बीमारी पर काबू पाया है। इस बीमारी के कारण कभी उनका वजन 85 किलो से भी ज्यादा हुआ करता था। हालांकि, अब सोनम इस बीमारी से छुटकारा पा चुकी हैं और बढ़े हुए वजन से भी उन्हें निजात मिल चुकी है।
निक जोनस डायबिटिक हैं
प्रियंका चोपड़ा के पति निक को टाइप 2 डायबिटीज है। निक पिछले 18 सालों से टाइप 1 डायबिटीज से जूझ रहे हैं। निक 31 साल के हैं। वहीं, प्रियंका को पांच साल की उम्र से अस्थमा है।
धर्मेंद्र एल्कोहलिक हैं
धर्मेंद्र भी करीब 15 सालों तक डिप्रेशन में रहे थे। इसी दौरान उन्हें शराब की लत लगी थी। धर्मेंद्र एल्कोहलिक हैं, ये सभी जानते हैं। हालांकि, वो कभी-कभी स्मोकिंग भी करते थे, जिसे अब छोड़ चुके हैं।
मिथुन को बैकपैन
73 साल के मिथुन चक्रवर्ती को क्रॉनिक बैक पेन की समस्या है। तीन साल पहले समस्या बढ़ने पर उन्हें अमेरिका ले जाया गया था। जहां उनकी एक सर्जरी की गई। सर्जरी के बाद उन्हें थोड़ी राहत है लेकिन समस्या जड़ से खत्म नहीं हुई है। क्रॉनिक बैक पेन में गर्दन से लेकर टेलबोन तक दर्द रहता है।
मुमताज को कैंसर
गुजरे जमाने की एक्ट्रेस रहीं मुमताज को ब्रेस्ट कैंसर से जूझ चुकी हैं। साल 2000 में उन्हें इस बीमारी का पता चला था। उन्होंने इसका इलाज करवाया। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, “मैं कैंसर से डरने वाली नहीं हूं। मरते दम तक इस बीमारी से लडूंगी।”
मुमताज के अलावा सोनाली बेंद्रे, लीजा रे, मनीषा कोइराला जैसी अभिनेत्रियां भी कैंसर से जूझ चुकी हैं और ठीक भी हो चुकी हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.