Cricket Addictor Hindi
Cricket Addictor Hindi
Axar Patel: वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने अब तक पांच मैच खेले हैं. इन सभी मैचों में टीम ने जीत हासिल की है. टीम इंडिया ने आखिरी मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ था, जिसमें उन्होंने बेहद शानदार अंदाज में जीत हासिल की थी. अब टीम की अगली चुनौती इंग्लैंड से है. भारत और इंग्लैंड के बीच मैच 29 अक्टूबर को लखनऊ में खेला जाएगा. इस मैच से पहले कयास लगाए जा रहे हैं कि टीम इंडिया के दल में बदलाव हो सकता है. इंग्लैंड के खिलाफ मैच से पहले भारतीय टीम में अक्षर पटेल की एंट्री हो सकती है
मालूम हो कि अक्षर पटेल (Axar Patel) एशिया कप 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ मैच में चोटिल हो गए थे. इस वजह से वह वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं बना सके. उनकी जगह आखिरी वक्त पर आर अश्विन को टीम इंडिया में शामिल किया गया. हालांकि एक बार फिर ऐसा लग रहा है कि वह टीम में वापसी कर सकते हैं. इस बात का अंदाजा उनकी हालिया पारी को देखकर लगाया जा रहा है. दरअसल, अक्षर ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के हालिया मैच में बेहद शानदार पारी खेली है. गुजरात की ओर से खेलते हुए उन्होंने पंजाब के खिलाफ बेहद तूफानी अर्धशतक लगाया.
अक्षर पटेल(Axar Patel) ने रांची में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पंजाब के खिलाफ गुजरात के लिए छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक बनाया। अक्षर ने इस मैच में तूफानी बल्लेबाजी की. उन्होंने महज 27 गेंदों में 52 रनों की पारी खेली. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए. गुजरात के 4 बल्लेबाज सिर्फ 28 रन पर आउट हो गए. इसके बाद अक्षर ने 5वें विकेट के लिए चिराग गांधी के साथ 88 रनों की साझेदारी की और टीम को संकट से बाहर निकाला. इसके अलावा वह गेंद से भी काफी उपयोगी साबित हुए. उन्होंने चार ओवर फेंके और सिर्फ 30 रन दिए.
अक्षर पटेल (Axar Patel) के इस शानदार प्रदर्शन को देखकर लग रहा है कि वह वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में दोबारा एंट्री कर सकते हैं. हालांकि, अब सवाल यह उठता है कि वह किस खिलाड़ी के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम इंडिया में एंट्री कर सकते हैं. तो बता दें कि वह हार्दिक पंड्या के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम इंडिया में आ सकते हैं. मालूम हो कि हार्दिक पंड्या वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ मैच में चोटिल हो गए थे. इस वजह से वह न्यूजीलैंड के खिलाफ भी हिस्सा नहीं ले सके थे.
लेकिन उम्मीद की जा रहा है कि वह इंग्लैंड के खिलाफ मैच में वापसी कर सकते हैं. हालांकि, अगर वह इस मैच से पहले पूरी तरह फिट नहीं हुए तो इस मैच से भी बाहर हो सकते हैं. अगर उनकी चोट ज्यादा गंभीर हुई तो वह पूरे टूर्नामेंट को भी मिस कर सकते हैं. यदि ऐसा हुआ तो उनकी जगह टीम प्रबंधन अक्षर पटेल (Axar Patel) के नाम पर चर्चा कर सकता है. क्योंकि वो गेंद और बल्ले से काफी किफायती रहे हैं. अक्षर के वनडे करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक भारत के लिए 54 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 481 रन और 59 विकेट लिए हैं.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान की लगातार हार पर इस दिग्गज ने लिए मजे, रोहित शर्मा को ठहराया इसका जिम्मेदारी, बोले- डीजे बजता जो पाक जीत…
